नेपाल में बचाव दल त्रिशुली-3ए जलविद्युत परियोजना स्थल पर कीचड़ से भरी सुरंगों में फंसे 600 से अधिक श्रमिकों तक पहुंचने के लिए तेजी से प्रयास कर रहे हैं। बचाव दल सुरंगों को साफ करने और जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए विस्फोटकों, भारी मशीनों और एयर पंपों का उपयोग कर रहे हैं।
नेपाल के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 939 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन हज़ार नौ सौ 25 लोग लापता हैं। इन लापता लोगों में पांच सौ 92 विदेशी नागरिक शामिल हैं। अब तक जलविद्युत परियोजनाओं से 279 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि देश भर में 11 हज़ार से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है।
बचाव अभियान में भारत, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञों के साथ नेपाली और चीनी सैन्य दल सहयोग कर रहे हैं। भीषण बाढ़ और भूस्खलन के कारण बचाव दल के लिए दबी हुई सुरंगों का पता लगाना मुश्किल हो गया है।
भारत ने बचाव अभियान और पीड़ितों की पहचान में सहायता के लिए विशेष दल भेजे हैं। 19 सदस्यीय भारतीय फोरेंसिक टीम ने काठमांडू में काम शुरू कर दिया है और बरामद अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण में सहायता कर रही है।
भारतीय सुरंग बचाव दल चिलिमे और लांगटांग में स्थित जलविद्युत परियोजनाओं पर भी काम कर रहा है। विशेषज्ञ नेपाली अधिकारियों को 26 अगस्त से लापता 933 श्रमिकों और कर्मचारियों की तलाश में मदद कर रहे हैं, जिनमें से कई के सुरंगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
बाढ़ से कम से कम 11 जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। परिवारों का कहना है कि बचाव कार्य बहुत धीमा है और वे अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह कर रहे हैं। चितवन में, नदियों से लगभग 300 शव बरामद किए गए हैं। कई शवों की पहचान नहीं हो पाई है, इसलिए अधिकारी डीएनए परीक्षण का सहारा ले रहे हैं। फ्रीजर की कमी के कारण, कुछ शवों को पहचान होने तक अस्थायी रूप से दफना दिया गया है।
नेपाल ने कई देशों से फ्रीजर, डीएनए परीक्षण उपकरण, ड्रोन, पुल और विशेष सुरंग बचाव उपकरण सहित सहायता मांगी है। 18 भारतीय फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम डीएनए पहचान में सहायता कर रही है।
तिब्बत में, चीनी सरकारी मीडिया ने 16 मौतों और 546 लापता लोगों की रिपोर्ट दी है। चीन की जलविद्युत परियोजनाओं के कारण आपदा आने के दावे को चीन ने खारिज कर दिया है। चीन ने ऐसे आरोपों को दुर्भावनापूर्ण अटकलें बताया है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमस्खलन के कारण आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है, जिससे नेपाल भर में घरों, सड़कों, पुलों और जलविद्युत अवसंरचना को नुकसान पहुंचा है।