नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने आज कहा कि उड़ान योजना के अगले चरण का उद्देश्य 120 नए गंतव्यों तक कनेक्टिविटी बढ़ाना और अगले 10 वर्ष में चार करोड़ लोगों को यात्रा करने में सक्षम बनाना है। नई दिल्ली में उड़ान के अगले चरण पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए, श्री नायडू ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि संशोधित योजना में व्यवहार्यता अंतर निधि के लिए पात्रता का विस्तार किया गया है, एयरलाइनों को समर्थन की अवधि तीन से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है और चुनिंदा टियर-2 और टियर-3 हवाई अड्डों के लिए परिचालन और रखरखाव सहायता शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि उड़ान का अगले चरण में स्वदेशी विमान निर्माण का समर्थन, रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल, पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगा।