अगस्त 18, 2026 1:57 अपराह्न

printer

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में एनसीसी के साहसिक अभियान ‘अपराजिता-परांग ला 2026’ को रवाना किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी के प्रमुख साहसिक अभियान अपराजिता-परांग ला 2026 को रवाना किया। 30 दिन का यह अभियान 250 किलोमीटर लंबे परांग ला दर्रे से होकर गुजरेगा, जो हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ता है। इसे देश के सबसे चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्गों में से एक माना जाता है। तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों के नेतृत्व में 28 बालिका कैडेटों की टीम इसमें हिस्सा ले रही है।
 
श्री सिंह ने कहा कि ऊंचाई वाले इस अभियान में युवा बालिकाओं की भागीदारी देश की महिलाओं के साहस, दृढ़ संकल्प और बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में नेतृत्व क्षमता, मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
 
श्री सिंह ने अभियान के दौरान सुरक्षा, पर्यावरण और स्थानीय लोगों के साथ संवाद को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बनेगा और उन्हें हर परिस्थिति में अपराजिता बने रहने के लिए प्रेरित करेगा।