रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश में गेज से परिवर्तित कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेलखंड का उद्घाटन किया। उन्होंने ग्वालियर-कैलारस रेलगाड़ी का बीरपुर तक विस्तार भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद थे। इस रेलगाडी के विस्तार से बीरपुर, विजयपुर और सबलगढ़ का ग्वालियर से सीधा रेल संपर्क हो गया है। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों की यात्रा सुगम होगी।
श्री वैष्णव ने कहा कि 56 किलोमीटर लंबे कैलारस-बीरपुर रेलखंड का उद्घाटन ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इससे मुरैना और श्योपुर जिलों के सौ से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क आगे श्योपुर कलां और फिर कोटा तक बढ़ाई जाएगी। रेल मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। राज्य को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत रेलगाड़ी चल रही हैं और सात अमृत भारत रेलगाड़ियां भी शुरू की गई हैं।
श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कैलारस से बीरपुर तक रेल लाइन का विस्तार क्षेत्र के लिए नई शुरुआत है। इससे लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधुनिक सुविधाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र और मालवा के बीच संपर्क मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना एक नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास में योगदान देगी जिससे पर्यटन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को लाभ होगा।