केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पत्र लिखकर राज्य में कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं में हो रही देरी की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया है। यह देरी मुख्य रूप से राज्य सरकार के पास लंबित मुद्दों के कारण हो रही है। श्री बिट्टू ने कहा है कि ये परियोजनाएं न केवल राष्ट्रीय महत्व की हैं बल्कि पंजाब के आर्थिक विकास, क्षेत्रीय संपर्क और समग्र विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
पत्र के अनुसार इन परियोजनाओं में फिरोजपुर-पट्टी नई रेललाइन परियोजना, राजपुरा-मोहाली नई रेललाइन परियोजना, नांगल बांध-तलवारा-मुकेरिया नई रेललाइन परियोजना, रमन मंडी-सड्डा सिंहवाला नई रेललाइन परियोजना और रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) तथा सीमित ऊंचाई वाले सबवे (एलएचएस) शामिल हैं। अधिकांश नई रेललाइन परियोजनाएं भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी न होने के कारण विलंबित हैं।
25 किलोमीटर से अधिक लंबी फिरोजपुर-पट्टी नई रेललाइन परियोजना के मामले में दिसंबर 2025 में पंजाब सरकार के पास 194 दशमलव 11 करोड़ रुपये की पूरी राशि जमा करने के बावजूद अधिग्रहित भूमि का कब्जा अभी तक रेलवे को नहीं सौंपा गया है।
श्री बिट्टू ने श्री मान से इन लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।