पाकिस्तान में, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है। सरकारी अधिकारियों ने श्री खान को शीर्ष अदालत के आदेशानुसार निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल भेजा है।
श्री खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ -पी टी आई पार्टी के कानूनी सलाहकार नईम पंजुथा के अनुसार याचिका में प्रधानमंत्री, कानून मंत्री, सूचना मंत्री और अन्य सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
तीन न्यायाधीशों की पीठ ने मंगलवार को सरकार को निर्देश दिया था कि श्री खान को अडियाला जेल से इस्लामाबाद के निजी शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में दो दिनों के भीतर चिकित्सा जांच के लिए स्थानांतरित किया जाए।
सरकारी अधिकारियों ने श्री खान को शुक्रवार को जांच के लिए सरकार के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज-पी आईएमएस) ले जाकर वापस जेल भेज दिया।
श्री खान की बहन उज़मा खान ने पत्रकारों को बताया कि उनके भाई को जेल में प्रताड़ित किया गया है।
पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की विशेष रिपोर्टर एलिस जिल एडवर्ड्स ने श्री खान की हिरासत की स्थितियों और उन्हें उचित चिकित्सा देखभाल नहीं मिलने की खबरों पर चिंता व्यक्त की थी।
इस बीच, पीटीआई नेताओं ने कहा है कि इससे 27 सितंबर को होने वाले नियोजित विरोध प्रदर्शन की तैयारियों को बल मिलेगा।