सितम्बर 12, 2026 5:59 अपराह्न

printer

जन स्वास्थ्य की रक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा है कि जन स्वास्थ्य की रक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक है। श्री नड्डा ने आज आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव की मौजूदगी में दस क्रिटिकल केयर ब्लॉक और बारह एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से राज्य में मरीजों को बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवा मिलेगी और बीमारियों के खतरे का समय रहते पता लगाने की क्षमता मजबूत होगी।

श्री नड्डा ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने ऐसी स्वास्थ्य व्‍यवस्‍था की आवश्यकता को उजागर किया, जो नियमित स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित किए बिना आपात स्थितियों से निपट सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन इसी उद्देश्य से शुरू किया गया था। इस मिशन के तहत देशभर में 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वीकृत किए गए हैं। आंध्र प्रदेश में क्रिटिकल केयर ब्लॉक, एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं और शहरी तथा ग्रामीण आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित चार प्रमुख घटकों के लिए पांच वर्ष की अवधि में एक हजार दो सौ 71 करोड़ 80 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आंध्र प्रदेश में 24 क्रिटिकल केयर ब्‍लॉक स्‍वीकृत किए गए जिसकी लागत लगभग 606 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि लोगों को घर के करीब व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए देशभर में एक लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।

श्री नड्डा ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप और विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच में हुई प्रगति तथा एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत का भी उल्लेख किया। उन्होंने मातृ और शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार, टीबी नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों के खर्च में कमी को भी रेखांकित किया।

उन्होंने आंध्र प्रदेश के संजीवनी कार्यक्रम की सराहना की, जिसके अंतर्गत समुदायों के करीब 41 स्वास्थ्य मापदंडों की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। श्री नड्डा ने इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की संभावनाओं में भी रुचि व्यक्त की।