प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पैतृक गांव पहाड़पुर पहुंचे। राष्ट्रपति मुर्मु अपने 68वें जन्मदिन के अवसर पर गांव में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति मुर्मु के साथ प्रधानमंत्री ने संथाली जहेरा, गोशानी पीठ और हो जहेरा जैसे पवित्र स्थलों पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने गांव के कौशल विकास केंद्र और पहाड़पुर स्कूल का भी दौरा किया तथा कौशल विकास केंद्र में विद्यार्थियों से बातचीत की।
कुछ समय बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायरंगपुर में आयोजित एक प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर ऊर्जा, परिवहन, औद्योगिक ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल से जुड़ी 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।