प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से उज़्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शफकत मिर्ज़ियोयेफ के निमंत्रण पर उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचेंगे। यह प्रधानमंत्री का उज़्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान में कहा गया है कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान, श्री मोदी भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल-स्तर की बातचीत करेंगे। दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और भावी राह के लिए एजेंडा तय करेंगे। वे ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज़्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में, प्रधानमंत्री किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादोर जापारोफ के निमंत्रण पर 26वें शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर बिश्केक जाएंगे। यह शिखर सम्मेलन संगठन की 25वीं वर्षगांठ का प्रतीक है, जिसका भारत 2017 से पूर्ण सदस्य रहा है। प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे, जहां वे इस मंच पर सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर के मामलों में भारत की प्राथमिकताओं पर बल देंगे। प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन से इतर संगठन नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। वे मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने वाले छठे ‘वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।