प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 27 से 29 तारीख तक सेशेल्स के राजकीय दौरे पर रहेंगे। वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री ने आखिरी बार 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय रक्षा बलों का एक दल, भारतीय नौसेना के दो जहाजों के साथ, समारोह में भाग लेगा।
इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी से बातचीत करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार- विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को भी संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-संबंधों पर आधारित दूरगामी साझेदारी है। सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी देश होने के नाते, भारत के विजन महासागर और विकासशील देशों के विकास की प्रतिबद्धता में विशेष स्थान रखता है। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत और स्थायी मित्रता की पुष्टि करेगी और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करेगी।