प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शाम मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट-जी.एफ.एफ 2026 का शुभारंभ करेंगे। दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली सालाना फिनटेक सम्मेलनों में से एक, जी.एफ.एफ का इस बार का विषय है- ‘पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम – ट्रस्टेड, कनेक्टेड, ग्लोबल सिस्टम्स फॉर इन्क्लूसिव फाइनेंस’। प्रधानमंत्री सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, इस महोत्सव का उद्देश्य डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व को और मजबूत करना तथा संभावनाओं को वास्तविकता में बदलना है।
सम्मेलन में इस बात पर मुख्य रूप से चर्चा होगी कि कैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी और अन्य उभरती तकनीकें दुनिया भर के नागरिकों, उद्योगों और अर्थव्यवस्थाओं के लिए सुरक्षित, समावेशी और बेहतर परिणाम दे सकती हैं।
साल 2020 में अपनी शुरुआत के बाद से ही ग्लोबल फिनटेक फेस्ट एक बड़े मंच के रूप में उभरा है। यह मंच नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों को भविष्य की वित्तीय व्यवस्था तय करने के लिए एक मंच पर लाता है। इस महोत्सव का यह सातवां संस्करण 11 सितंबर 2026 तक मुंबई में चलेगा।