मई 7, 2026 12:18 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी बोले- ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों ने किया अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश आतंकवाद और उसको समर्थन देने वालों को समाप्त करने के अपने संकल्प पर अडिग है। ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने इस ऑपरेशन के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हमला करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने सशस्त्र बलों की तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया।

श्री मोदी ने कहा कि इस ऑपरेशन ने बलों के बीच बढ़ते जुड़ाव को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया। अपने संस्कृत श्लोक सुभाषितम में प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत द्वारा प्राप्त असाधारण विजय देश के बहादुर सैनिकों के उल्लेखनीय शौर्य और देशभक्ति का एक प्रेरक उदाहरण है।