अगस्त 15, 2026 6:10 अपराह्न | Independence Day

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देने वाले विश्व नेताओं का आभार व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देने वाले विश्व नेताओं का आभार व्यक्त किया है। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू भी शामिल हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की शुभकामनाओं के जवाब में श्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बहु-आयामी तथा सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों पक्ष मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के लोगों की समृद्धि और कल्याण सुनिश्चित होगा।

भूटान के प्रधानमंत्री त्‍सेरिंग टोबगे को धन्यवाद देते हुए श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत भूटान के साथ विशेष और स्थायी साझेदारी को बहुत महत्व देता है। यह लगातार मजबूत हो रही है।

स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी की शुभकामनाओं के जवाब में श्री मोदी ने कहा कि वह भारत और स्लोवाकिया के बीच व्यापक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।