प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से गुजरात के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। आज वे बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के दो विस्तारों- हवाई अड्डा विस्तार और गिफ्ट सिटी विस्तार की आधारशिला रखेंगे। वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत 19 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जाएंगे।
श्री मोदी बनासकांठा में भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन प्रयोगशाला तथा भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के पशु फार्म का भी दौरा करेंगे। ये केंद्र पशु नस्ल सुधार, आनुवंशिक गुणवत्ता बढ़ाने और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को मजबूत करेंगे। इसके बाद श्री मोदी एकता नगर केवड़िया जाएंगे और भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री कल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके साथ ही, वे एकता नगर में चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें सीवेज और जल शोधन संयंत्र, इमारतों पर विशेष रोशनी की व्यवस्था, नर्मदा घाट का उन्नयन और वर्षा वन परियोजना शामिल हैं। प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।