प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर से बधाई संदेश आ रहे हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत चांद पर पहुंच गया और अब वह आसमान की ऊंचाइयों को छूने का लक्ष्य बना रहा है। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ के बीच सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद भी दिया।
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने में प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की वर्षों की समर्पित सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है। उन्होंने भारत और साइप्रस के बीच संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने श्री मोदी को बधाई दी और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्षों से भारत की आर्थिक और विकासात्मक प्रगति का मार्गदर्शन किया है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भारत ने बुनियादी ढांचे, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजली और स्वच्छता के क्षेत्र में काफी सुधार किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया, जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और विश्व में इसकी प्रतिष्ठा को बदल दिया है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे और त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्सद-बिसेसर ने भी प्रधानमंत्री मोदी के परिवर्तनकारी शासन, ग्लोबल साउथ के लिए उनके प्रयासों और समावेशी एवं आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके दृष्टिकोण की सराहना की। भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कौसिनो ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने अर्थव्यवस्था के आधुनिकीकरण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की अवधि को, बल्कि उनकी सेवाओं के प्रभाव को भी पहचानने का अवसर है। नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए इस उपलब्धि को एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया।
प्रधानमंत्री मोदी आज भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं, उन्होंने केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4 हजार 399 दिनों के कार्यकाल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।