जून 16, 2026 4:29 अपराह्न | Himachal Pradesh

printer

हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत गृह सूचीकरण और आवास जनगणना शुरू

हिमाचल प्रदेश में स्‍वगणना अवधि पूरी होने के बाद, जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत गृह सूचीकरण और आवास जनगणना के लिए जमीनी अभियान आज से प्रारंभ हो गया है। गृह मंत्रालय ने बताया कि राज्य में जनगणनाकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य अगले महीने की 15 तारीख तक जारी रहेगा।

मंत्रालय ने बताया कि केरल और नागालैंड में स्व-गणना सुविधा प्रारंभ हो चुकी है और यह इस महीने की 30 तारीख तक उपलब्ध रहेगी। इन राज्यों में गृह सूचीकरण और आवास जनगणना के संबंधित जमीनी अभियान अगले महीने की पहली तारीख से 30 जुलाई तक संचालित किए जाएंगे। हालांकि, गुजरात, जम्मू -कश्मीर, लद्दाख, पुद्दुचेरी और उत्तर प्रदेश में घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य वर्तमान में जारी है।

इस बीच, महाराष्ट्र, मेघालय, राजस्थान और झारखंड के साथ-साथ दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में गृह सूचीकरण और आवास जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। ये अभियान 16 मई से इस महीने की 14 तारीख तक संचालित किए गए थे।

मंत्रालय ने बताया कि अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने जनगणना-2027 का पहला चरण पूरा कर लिया है। आवास सूचीकरण और आवास जनगणना चरण के दौरान, आवास की स्थिति, परिवार के विवरण, उपलब्ध सुविधाओं और परिवारों के पास मौजूद संपत्तियों से संबंधित जानकारी 33 अधिसूचित प्रश्नों वाली एक संरचित प्रश्नावली के माध्यम से एकत्र की जा रही है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला