फिलिस्तीन ने तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं की स्थापना के भारत के निर्णय का स्वागत किया है। इन परियोजनाओं में एक विशेष अस्पताल, एक कृत्रिम अंग प्रतिरोपण केंद्र और एक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं। नई दिल्ली स्थित फिलिस्तीनी दूतावास ने एक बयान में कहा कि यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब फिलिस्तीनी लोग, विशेष रूप से गजा पट्टी में लोग हाल के समय के सबसे गंभीर मानवीय संकटों में से एक का सामना कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है कि एक विशेष अस्पताल और कृत्रिम अंग प्रतिरोपण केंद्र की स्थापना के लिए भारत की प्रतिबद्धता स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और सबसे अधिक प्रभावित लोगों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इससे पहले सोमवार को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ब्रसल्स में 2028-29 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के लिए भारत के चुनाव अभियान की शुरुआत के दौरान इस पहल की घोषणा की थी।
दूतावास ने स्वतंत्र फिलिस्तीन और इस्राइल के शांति और सुरक्षा में साथ-साथ रहने वाले दो देश समाधान के लिए भारत के दीर्घकालिक समर्थन की पुष्टि का भी स्वागत किया।