नवम्बर 26, 2026 2:18 अपराह्न

printer

दुबई में आयोजित बिग-5 ग्लोबल प्रदर्शनी में 80 से अधिक भारतीय कंपनियों की भागीदारी

दुबई में निर्माण और शहरी विकास क्षेत्र के प्रमुख वैश्विक आयोजनों में शामिल 47वीं बिग-5 ग्लोबल प्रदर्शनी में 80 से अधिक भारतीय कंपनियां अपने उत्पाद, तकनीक और इंजीनियरिंग क्षमताओं का प्रदर्शन कर रही हैं। यह प्रदर्शनी 23 से 26 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित की जा रही है।

भारतीय कंपनियां पंप और जल प्रबंधन प्रणाली, पाइप, केबल, बिजली से जुड़े उत्पाद, निर्माण रसायन, चिपकाने वाले पदार्थ, इन्सुलेशन, आंतरिक सजावट के उत्पाद, धातु, इस्पात, पत्थर और इंजीनियरिंग समाधान जैसे क्षेत्रों में अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं। इसके अलावा, सॉफ्टवेयर और तकनीक आधारित समाधान भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

बिग-5 ग्लोबल प्रदर्शनी में विश्‍व के निर्माता, आपूर्तिकर्ता, ठेकेदार, सलाहकार और विकासकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष 60 से अधिक देशों के प्रदर्शक और 20 से अधिक देशों के विशेष मंडप शामिल हैं।

बिग-5 ग्लोबल की आयोजन टीम की प्रवक्ता जोसिन हाइजमन्स ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इस प्रदर्शनी में भारत की भागीदारी काफी बढ़ी है। भारतीय कंपनियां अब पारंपरिक निर्यात से आगे बढ़कर उन्नत इंजीनियरिंग क्षमता, स्मार्ट निर्माण समाधान और नई तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शकों के साथ भारतीय खरीदारों और आगंतुकों की बढ़ती भागीदारी भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने और व्यापक क्षेत्र में कारोबारी अवसर तलाशने के लिए इस मंच के महत्व को दर्शाती है।

 इस वर्ष प्रदर्शनी में आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, तकनीकी प्रगति और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। आयोजन, भारत की व्यापक भागीदारी वैश्विक निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में देश की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।