रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है और देश की महिलाओं के माथे के सिंदूर की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री ने यह बात नई दिल्ली के बेस अस्पताल में सिंदूर महारक्तदान यात्रा के शिविर उद्घाटन के अवसर पर कही।
श्री सिंह ने भारतीय रक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों और उनके आकाओं का सफाया किया और भारत पर बुरी नजर डालने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़े।
सिंदूर महारक्तदान यात्रा का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जहां ऑपरेशन सिंदूर ने भारत का शौर्य दिखाया, वहीं यह विशाल रक्तदान शिविर करुणा और संवेदना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शिविर में महाराष्ट्र के करीब एक हजार पहलवानों और खिलाड़ियों ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि यह पहल निस्वार्थ सेवा और सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता की भावना को दर्शाती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि हर रक्तदाता और रक्त प्राप्त करने वाला व्यक्ति अपने-अपने तरीके से राष्ट्र की सेवा कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से रक्तदान को एक नियमित आयोजन बनाने का आह्वान किया।।