अगस्त 26, 2026 2:15 अपराह्न

printer

ओमान के विदेश मंत्री ने की ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात

ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी ने कल तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। उन्‍होंने ईरान के विदेश मंत्री के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों के यातायात के प्रबंधन के लिए चरणबद्ध दृष्टिकोण पर चर्चा की। ईरान संघर्ष शुरू होने के लगभग छह महीने बाद भी यह जलडमरूमध्य लगभग बंद है।

एक संयुक्त बयान में दोनों देशों ने कहा कि प्रस्तावित ढांचे में एक संयुक्त अस्थायी नौवहन गलियारे की स्थापना और जलमार्ग से बारूदी सुरंगों को हटाने के लिए संयुक्त प्रयास शामिल हैं। उन्होंने  कहा कि ईरान और ओमान एक स्थायी जहाजरानी गलियारे की स्थापना और जलडमरूमध्य के भविष्य के प्रशासन पर एक समझौते पर पहुंचने के उद्देश्य से तकनीकी वार्ता जारी रखेंगे।

इस बीच, ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि दोनों देश एक अस्थायी मार्ग पर सहमत हो गए हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत ओमान की खाड़ी से फारस की खाड़ी में प्रवेश करने वाले जहाज पूरी तरह से ईरान के जलक्षेत्र से होकर गुजरेंगे, जबकि बाहर जाने वाले जहाज आंशिक रूप से ईरान के जलक्षेत्र और आंशिक रूप से ओमान के प्रादेशिक जलक्षेत्र से होकर गुजरेंगे। ईरान के उप विदेश मंत्री ग़रीबाबादी ने कहा कि ईरान और ओमान अगले 30 से 60 दिनों में एक नए स्थायी और टिकाऊ जलमार्ग पर सहमति बनाने के लिए बातचीत करेंगे। होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा शुरू करने के अमरीका के प्रयासों के रास्‍तों में ओमान के आने की स्थिति में राष्‍ट्रपति ट्रंप द्वारा पिछले सप्‍ताह ओमान पर बम बरसाने की धमकी देने के बाद यह बैठक हुई है।