सितम्बर 8, 2026 8:41 अपराह्न

printer

देश में बिजली उत्पादन के लिए कोयले की कोई कमी नहीं: जी किशन रेड्डी

कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने आज कहा कि देश में बिजली उत्पादन के लिए कोयले की कोई कमी नहीं है। नई दिल्ली में कोयला कंपनियों के लिए सीएसआर फ्रेमवर्क का शुभारंभ करने के बाद संवादाताओं से बातचीत में श्री रेड्डी ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों में कोयला उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रेलवे और बिजली मंत्रालय के समन्वय से स्थिति की निगरानी की जा रही है। श्री रेड्डी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में कोयला उत्पादन में 4 दशमलव 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोयला मंत्री ने कहा कि मंत्रालय अपने सीएसआर कार्यक्रमों के अंतर्गत कोयला प्रभावित क्षेत्रों में कई स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक विकास पहल लागू कर रहा है। उन्होंने थैलेसीमिया बाल सेवा योजना और नन्हा सा दिल पहलों का उल्लेख किया, जिनका उद्देश्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित बच्चों को उपचार और सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग एक लाख 60 हजार लोगों की जांच की जा चुकी है। जबकि, इन पहलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक लोगों की पहचान और परामर्श किया जा चुका है। श्री रेड्डी ने भारत को थैलेसीमिया मुक्त बनाने के लिए सरकार, गैर सरकारी संगठनों, कॉरपोरेट्स, शैक्षणिक संस्थानों और समाज से सामूहिक प्रयास का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान, कोयला मंत्री ने थैलेसीमिया बाल सेवा योजना पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया। कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।