अगस्त 27, 2026 2:56 अपराह्न

printer

ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के लिए बातचीत की कोई निश्चित समय सीमा नहीं: अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के लिए वार्ता फिर शुरू करने की कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्हें बातचीत फिर से शुरू करने की कोई जल्दी नहीं है। श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीका बड़ी बढ़त हासिल कर रहा है। उन्होंने ईरान की आर्थिक मुश्किलों का भी उल्‍लेख किया।

इस बीच, कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी आज ईरान पहुंचेंगे। वे ईरानी अधिकारियों से मुलाकात कर तनाव कम करने और बातचीत के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।

श्री ट्रंप ने बताया कि उन्हें विश्वास है कि सैन्य अभियानों के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अभी भी जीवित हैं।

इसके अलावा, अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कई सहयोगी देशों के विदेश मंत्रियों को सूचित किया है कि अमरीका फिलहाल ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले शुरू करने का इरादा नहीं रखता। अमरीकी अधिकारियों ने कहा कि ईरान के पहले हमला करने पर अमरीका के पास भी सैन्य कार्रवाई के विकल्प खुले हुए हैं।