वित्तमंत्री निर्मला सीतारामण तथा कनाडा के वित्त और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन के बीच कनाडा के टोरंटो में आर्थिक और वित्तीय वार्ता संपन्न हुई। दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान में कहा कि यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच इस वर्ष मार्च में नई दिल्ली में हुई बैठक में द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मजबूत करने के लिए किए गए वादे को आगे बढ़ाती है।
दोनों देशों ने 2026 के अंत तक भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत पूरी करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। मंत्रियों ने वैश्विक आर्थिक घटनाक्रमों और घरेलू नीतिगत प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच वित्तीय और वाणिज्यिक संबंधों का विस्तार करने के तरीकों पर चर्चा की। मंत्रियों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70 बिलियन कनाडाई डॉलर तक बढ़ाने की साझा इच्छा को भी दोहराया। भारत ने जल्द से जल्द द्विपक्षीय निवेश संधि पर बातचीत शुरू करने की अपनी तत्परता व्यक्त की।
मंत्रियों ने भारत और कनाडा के बीच बढ़ते निवेश संबंधों का स्वागत किया। उन्होंने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने में दीर्घकालिक संस्थागत पूंजी की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी। दोनों पक्षों ने भुगतान आधुनिकीकरण, वित्तीय स्थिरता, फिनटेक नवाचार, पूंजी बाजार विकास और वित्तीय अपराध से निपटने के प्रयासों सहित कई वित्तीय-क्षेत्र के मुद्दों पर गहरे सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा की।