अगस्त 24, 2026 8:20 अपराह्न

printer

नए अमरीकी प्रतिबंधों से क्षेत्र में शांति स्थापित नहीं होगी: ईरान

ईरान ने चेतावनी दी है कि आज रात घोषित होने वाले नए अमरीकी प्रतिबंधों से क्षेत्र में शांति स्‍थापति नहीं होगी। ईरान ने किसी भी तरह का तनाव बढ़ने पर कड़ी प्रतिक्रिया की धमकी भी दी है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा है कि ईरान, अमरीका और उसके सहयोगी देशों को अमरीकी प्रतिबंधों का कड़ा जवाब देगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह के तनाव के गंभीर परिणाम होंगे।

यह चेतावनी ईरान और अमरीका के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए हफ्तों से चल रही वार्ता में गतिरोध के बाद आई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की शर्तों में अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, क्षेत्र से अमरीकी सेनाओं की वापसी और संघर्ष के दौरान हुए नुकसान के मुआवजे की भी मांग की है।ईरान ने जलमार्ग के प्रबंधन पर ओमान के साथ अलग से भी बातचीत की है।

इस बीच, अपेक्षित अमरीकी प्रतिबंधों की घोषणा से पहले ईरानी मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गई। ईरान दशकों से अमरीकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा है, जिसके चलते कीमतों में वृद्धि और आर्थिक दबाव में वृद्धि हुई है। हालांकि, ईरान का कहना है कि घरेलू उद्योगों को विकसित करके और नए साझेदारों के साथ व्यापार बढ़ाकर उसकी अर्थव्यवस्था ने खुद को अनुकूलित कर लिया है।