केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने नई दिल्ली के नजफगढ़ के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में श्री नड्डा ने केंद्र में मरीजों की देखभाल, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्यकर्मियों, शैक्षणिक गतिविधियों और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित एजेंसियों और संस्थानों को जारी कार्य समय पर पूरा करने और योजनाओं को समन्वय के साथ लागू करने के निर्देश दिए। श्री नड्डा ने कार्यों की लगातार निगरानी, स्वास्थ्यकर्मियों और उपकरणों की समय पर उपलब्धता तथा मरीजों की बेहतर देखभाल और चिकित्सा प्रशिक्षण पर निरंतर ध्यान देने पर जोर दिया।
केंद्र में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह संचालित हैं। इसके अलावा, एंटी-रेबीज टीकाकरण केंद्र, एंटी-स्नेक वेनम सेंटर और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इस दौरान श्री नड्डा ने कहा कि आरएचटीसी नजफगढ़ में चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्यकर्मियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने आरएचटीसी नजफगढ़ को मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं के प्रशिक्षण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक व्यापक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समयबद्ध और समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष अगस्त में केंद्र में औसतन 47 हजार मरीजों ने ओपीडी में परामर्श लिया, जबकि 9 हजार मरीजों ने आपातकालीन सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा, 221 छोटी चिकित्सा भी की गईं। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ओपीडी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं में टीबी के लक्षणों की जांच को शामिल किया गया। बैठक में स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव भी मौजूद थीं।