सितम्बर 16, 2026 1:12 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: सेमीकॉन इंडिया के 5वें संस्करण का शुभारंभ करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया के पांचवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। तीन दिन का यह सम्मेलन एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करेगा। यह सहयोग को बढ़ावा, नवाचार को गति, विनिर्माण क्षमताओं को मजबूती, निवेश आकर्षित करने और प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए वैश्विक सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को साथ लाएगा।

सम्मेलन में 600 से अधिक प्रदर्शक, तीन सौ अंतर्राष्ट्रीय कंपनियां और 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हो रहे हैं। इस प्रदर्शनी में छह देशों के पवेलियन, बारह राज्य सरकारों के पवेलियन और एक समर्पित स्टार्टअप पवेलियन शामिल होगा।

भारत के प्रमुख सेमीकंडक्टर सम्मेलन और प्रदर्शनी सेमीकॉन इंडिया को संयुक्त रूप से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा सेमी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर विनिर्माण और प्रौद्योगिकी सहित पूरे सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के उभरते रुझानों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर उच्च स्तरीय मुख्य भाषण, पैनल चर्चा और रणनीतिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह सम्मेलन भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के लिए साझेदारी, निवेश के अवसरों, तकनीकी सहयोग को तलाशने तथा विश्वसनीय वैश्विक सेमीकंडक्टर भागीदार के रूप में देश की स्थिति को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।