सितम्बर 10, 2026 9:02 पूर्वाह्न

printer

नेपाल: बाढ़ के मद्देनजर भारत ने मानवीय सहायता की तेज, 130 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी नेपाल

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर भारत ने मानवीय सहायता तेज करते हुए 130 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी है। भारत ने खोज, बचाव और फोरेंसिक अभियानों में सहयोग के लिए 54 विशेषज्ञ कर्मियों को भी तैनात किया है। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने कल बताया कि 35 टन राहत और बचाव सामग्री लेकर आठवां भारतीय वायु सेना विमान काठमांडू पहुंचा। 26 अगस्त से शुरू किए गए निरंतर सहायता अभियान में भारत ने विशेष तकनीकी उपकरण भी भेजे हैं। इनमें कीचड़ बचाव सूट, गैस डिटेक्टर, श्वास यंत्र, इन्फ्लेटेबल वॉकवे, पोर्टेबल जनरेटर, प्रकाश टावर और जल निकासी पंप शामिल हैं। पीड़ितों की पहचान में सहायता के लिए भारत ने डीएनए किट, अभिकर्मक और डीएनए प्रोफाइलिंग उपकरण भी उपलब्ध कराए हैं।

इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के मंत्री महावीर पुन को राहत सामग्री सौंपी।

इस बीच, भारत के विशेष सुरंग बचाव दल ने नेपाल की सेना के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग में दो उच्च जोखिम वाले स्थलों पर संयुक्त अभियान शुरू किया। चिलिमे सुरंग के ऊबड़-खाबड़ भूभाग, सीमित पहुंच और सुरंग की खड़ी ढलानों के कारण बचाव कर्मियों को गंभीर परिचालन सम्‍बंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बचाव दल खुदाई मशीनों जैसी भारी मशीनरी को सीधे सुरंग तक ले जाने के लिए अस्थायी मार्ग का निर्माण कर रहा है। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और दो से तीन दिन के भीतर पूरा होने की आशा है।