नवम्बर 26, 2026 2:06 अपराह्न

printer

नेपाल ने हिमनद झीलों के फटने से आने वाली बाढ़ का खतरा कम करने के लिए 4 करोड़ 99 लाख डॉलर की परियोजना शुरू की

नेपाल सरकार ने संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के सहयोग से हिमालयी क्षेत्र में हिमनद झीलों के अचानक फटने से आने वाली बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए 4 करोड़ 99 लाख 40 हजार अमेरिकी डॉलर की परियोजना शुरू की है।

ग्लोफ संजीवनी नाम की इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत काठमांडू में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला में की गई। इसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और निचले इलाकों में स्थित उन समुदायों की सुरक्षा करना है, जो ऐसी बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं।

परियोजना के तहत चार ऊंचाई वाले हिमनद झीलों में जलस्तर कम किया जाएगा। इनमें मनांग की थुलागी झील, सोलुखुम्बु की लुमडिंग त्शो और होंगु-2 झील तथा संखुवासभा की लोअर बरुण झील शामिल हैं।

हिमनद झीलों में बाढ़ उस समय आती है, जब पिघलते ग्लेशियरों से बनी झीलों में जमा पानी अचानक बड़ी मात्रा में निचले इलाकों की ओर बहने लगता है। ऐसी बाढ़ से गांवों, सड़कों, पुलों, पनबिजली परियोजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।

इस परियोजना से तीन लाख 85 हजार से अधिक लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है, जबकि नदी घाटियों के निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 20 लाख अन्य लोगों की सुरक्षा भी बेहतर होगी। यह परियोजना वर्ष 2026 से 2033 तक चलेगी।