वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने पेरिस के ले बॉर्ज्ये में यूरोपीय और फ्रांसीसी वस्त्र, परिधान और फैशन उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ व्यापक चर्चा की। वस्त्र मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस दौरान भारत की समृद्ध वस्त्र विरासत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण क्षमताओं पर चर्चा हुई।
साथ ही, वस्त्र क्षेत्र में भारत-फ्रांस और भारत-यूरोपीय संघ की साझेदारी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान स्थिरता, नवाचार, फैशन और उच्च मूल्य वाले वस्त्रों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार किया गया। मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने उद्योग-से-उद्योग संबंधों को गहरा करने तथा लचीली, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार वस्त्र मूल्य श्रृंखलाओं के निर्माण की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
श्रीमती राव ने यूरोप के सबसे बड़े पेशेवर व्यापार मेले प्रीमियर विजन और टेक्सवर्ल्ड पेरिस का भी दौरा किया। टेक्सवर्ल्ड पेरिस में 75 भारतीय प्रदर्शकों ने वैश्विक वस्त्र क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमताओं, विविधता और ताकत का प्रदर्शन किया।