जुलाई 13, 2026 8:34 पूर्वाह्न

printer

इस्राएल में 27 अक्टूबर को होंगे राष्ट्रीय चुनाव

इस्राएल में इस वर्ष 27 अक्टूबर को राष्ट्रीय चुनाव होंगे। इस चुनाव को व्यापक रूप से गाजा संघर्ष की शुरुआत के बाद से प्रधानमंत्री बेंन्यामिन नेतन्याहू के नेतृत्व पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है।

इस्राएल की संसद शुक्रवार को अपने वर्तमान कार्यकाल का अंतिम सत्र आयोजित करने जा रही है, जिससे नेतन्याहू की गठबंधन सरकार आधी सदी में पहली बार चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाली सरकार बन जाएगी। संसद ने स्‍पष्‍ट किया है कि चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद से विधायिका का कार्यकाल कम करने का कोई इरादा नहीं है।

इस्राएल के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने जून में पुष्टि की थी कि वह आगामी चुनावों में उम्मीदवार होंगे। 76 वर्षीय नेतन्याहू को 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमलों के बाद से बढ़ती आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है, जो इस्राएल के इतिहास में सबसे घातक हमला था।

इस्राएली सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट, नेतन्याहू के मुख्य प्रतिद्वंद्वी होंगे। इस्राएली समाचार द्वारा हाल ही में प्रकाशित एक सर्वेक्षण के अनुसार, आइज़ेनकोट की याशर पार्टी नेतन्याहू की लिकुड पार्टी से मामूली अंतर से आगे है। आइज़ेनकोट ने पहले नेतन्याहू के युद्ध मंत्रिमंडल में काम किया था और जून 2024 में यह कहकर इस्तीफा दे दिया था कि सरकार गाज़ा में अपने किसी भी उद्देश्य को हासिल करने में पूरी तरह विफल रही है।