पर्यावरण मंत्रालय के सचिव नरेंद्र भूषण ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तैयारियों की समीक्षा की। कल हुई बैठक में उन्होंने सड़कों की मरम्मत, जाम वाले इलाकों में यातायात सुधारने, इलेक्ट्रिक बसें चलाने और कचरे के निपटारे की व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने निर्माण स्थलों और फैक्ट्रियों में प्रदूषण रोकने के नियमों पर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
श्री भूषण ने पुराने ट्रकों और बसों को बदलने के लिए ट्रांसपोर्ट संगठनों के साथ मिलकर काम करने को कहा। उन्होंने पुराने वाहनों को एनसीआर से बाहर ले जाने के लिए एनओसी जारी करने की प्रक्रिया आसान बनाने पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे जल्द लगाने के निर्देश दिए। इसका मकसद ‘पीयूसीसी नहीं, तो ईंधन नहीं’ नियम को लागू करना और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है।