मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव आज चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। विभाग ने मछुआरों को अगले दो दिनों तक बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य तथा उससे सटे उत्तर पश्चिम और दक्षिण पश्चिम भाग में न जाने की सलाह दी है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा कि निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र की स्थिति बेहद खराब है और आगे और बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण इमारतों और खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। डॉ. मोहपात्रा ने कहा कि तेज बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में बाढ़ आ सकती है और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन भी हो सकता है। विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।
इस बीच, आज केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तटीय आंध्र प्रदेश में भी कल तक भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, केरल, माहे, लक्षद्वीप तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान की का अनुमान व्यक्त किया है।