मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर ने आज शिलांग स्थित लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
यह कार्यक्रम लोक भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों का हिस्सा था। इसमें मेघालय और देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकारों तथा सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां दीं। खासी, जयंतिया और गारो समुदायों के पारंपरिक नृत्य-संगीत के साथ जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और कर्नाटक के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं।
राज्यपाल ने लोक भवन के परिसर में स्वयं सहायता समूहों, सहकारी समितियों और ग्रामीण उद्यमियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शित वस्तुओं का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों पर बिक्री की भी व्यवस्था थी।
समारोह में मेघालय के जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।