यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की बैठक आज ब्रुसेल्स में हुई। बैठक में रूस पर नए प्रतिबंध, यूक्रेन में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि रूस पर लगाए जाने वाले प्रतिबंधों की सूची में लगभग 250 नई प्रविष्टियों पर सहमति बनने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 21वें प्रतिबंध पैकेज पर भी काम जारी है।
काजा कल्लास ने कहा कि प्रस्तावित प्रतिबंध हाल में रूस द्वारा नागरिकों पर किए गए हमलों के जवाब में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में रूस के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में कथित रूप से हिरासत में रखे गए यूक्रेनी नागरिकों के साथ-साथ युद्धबंदियों और अगवा किए गए बच्चों की स्थिति पर भी चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि मंत्री यूरोपीय संघ की ब्लैक सी रणनीति की भी समीक्षा करेंगे। इसके तहत बुल्गारिया और रोमानिया के साथ मिलकर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और क्षेत्र में बढ़ते खतरों से निपटने के प्रयासों पर विचार किया जाएगा।
बैठक के एजेंडे में पश्चिम एशिया की स्थिति भी शामिल है। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा और होरमुज जलडमरूमध्य की मौजूदा स्थिति पर खाड़ी देशों के साझेदारों के साथ चर्चा होगी।