केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज गुजरात के भावनगर स्थित महाराजा कृष्णकुमारसिंहजी भावनगर विश्वविद्यालय में युवाओं से बातचीत की। ‘नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित ‘मेरा भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने युवाओं से विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। भारत की अधिकांश आबादी 35 वर्ष या उससे कम आयु की है, इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि सही दिशा, अवसर और दृढ़ संकल्प देश के विकास को नई गति प्रदान कर सकते हैं।
डॉ. मांडविया ने विश्वविद्यालय के राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से भी बातचीत की, उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मेरा भारत’ कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया।