लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज परमवीर चक्र से सम्मानित कंपनी क्वार्टरमास्टर हवलदार अब्दुल हमीद को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि अब्दुल हमीद ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान अदम्य साहस और असाधारण युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया और देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
श्री बिरला ने कहा कि अपने साहस और सूझबूझ से अब्दुल हमीद ने कई दुश्मन टैंकों को नष्ट किया और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद मोर्चे पर डटे रहे। श्री बिरला ने कहा कि युद्ध के मैदान में सर्वोच्च बलिदान देकर कंपनी क्वार्टरमास्टर हवलदार अब्दुल हामिद ने भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को और समृद्ध किया। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र उनके शौर्य और बलिदान को सदा याद रखेगा।