लीबिया में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच प्रदर्शनकारियों ने त्रिपोली के पास एक महत्वपूर्ण ऊर्जा परिसर पर धावा बोल दिया। ये प्रदर्शनकारी लंबे समय से जारी बिजली कटौती को लेकर विरोध कर रहे थे। इससे देशव्यापी ब्लैकआउट का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने कल मेलिटाह ऑयल एंड गैस परिसर में प्रवेश किया और बिजली संयंत्रों में इस्तेमाल होने वाली गैस लाइनों को अवरुद्ध कर दिया। परिसर का संचालन करने वाली बिजली कंपनी ने चेतावनी दी है कि इस व्यवधान से व्यापक ब्लैकआउट हो सकता है और बिजली ग्रिड ठप हो सकता है।
घंटों तक बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन पश्चिमी लीबिया के ज़ाविया, त्रिपोली और मिसराता सहित कई शहरों में फैल गए हैं। प्रदर्शनकारी बेहतर बिजली सेवाओं और प्रधानमंत्री अब्दुल हामिद दिबेबा की राष्ट्रीय एकता सरकार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। श्री दिबेबा त्रिपोली में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का नेतृत्व करते हैं। वहीं ओसामा हम्माद पूर्वी लीबिया में प्रशासन के प्रमुख हैं, जहां शक्तिशाली सैन्य कमांडर खलीफा हफ़्टर का दबदबा अभी भी कायम है।
2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के बाद से लीबिया विभाजित रहा है, लंबे समय तक तानाशाह रहे मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से बेदखल कर मार डाला था।