भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमर साधिका और भारत रत्न से सम्मानित एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की जयंती पर आज देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने उनके योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी स्वर-साधना ने भारतीय संगीत और संस्कृति को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी भारतीय शास्त्रीय संगीत का गौरव थीं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में उनका अविस्मरणीय योगदान सदैव संगीत जगत के प्रशंसकों के दिलों में रहेगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित महान साधिका ने अपनी दिव्य स्वर-साधना से भारतीय संगीत और संस्कृति को विश्वभर में गौरवान्वित किया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनके मधुर स्वरों में भक्ति, समर्पण और भारतीय संस्कृति की आत्मा का दिव्य स्पंदन अनुभव होता है। संगीत जगत में उनका अतुलनीय योगदान सदैव हमारी सांस्कृतिक विरासत को आलोकित करता रहेगा।
भाजपा नेता डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान साधिका ने अपने दिव्य स्वर और अद्वितीय साधना से भारतीय शास्त्रीय और भक्ति संगीत को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी संगीत साधना और कला के प्रति समर्पण सदैव संगीत प्रेमियों एवं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।