आईसीसी की ओर से टेस्ट मैच के खिलाडि़यों की नवीनतम रैंकिंग जारी की गई है। इसमें न्यूज़ीलैंड के विरुद्ध बराबरी पर समाप्त हुए पहले टेस्ट मैच में भारत के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के कारण रैंकिंग में काफी बदलाव देखने को मिला है। ऋषभ पंत 128 रनों की पारी खेलने के बाद एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे पायदान पर आ गए हैं और भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल तीन स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल पांच स्थान की छलांग लगाकर नौवें पायदान पर आ गए हैं।
136 रन बनाने के बाद केएल राहुल चार स्थान ऊपर चढ़कर 25वें पायदान पर आ गए हैं, वहीं देवदत्त पडिक्कल 80 रनों की पारी के बाद 15 स्थान ऊपर चढ़कर 39वें पायदान पर पहुंच गए हैं। भारत के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह भी तीन स्थान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर आ गए हैं।
न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाजों में, हेनरी निकोल्स 10 स्थान ऊपर चढ़कर 30वें पायदान पर आ गए हैं, जबकि ग्लेन फिलिप्स 13 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, यानी 17वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
अन्य बदलावों में, बांग्लादेश के तौहीद हृदय 28 स्थान ऊपर चढ़कर 33वें पायदान पर आ गए हैं और लिटन दास 24वें पायदान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकेल्टन अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, यानी संयुक्त रूप से 15वें पायदान पर पहुंच गए हैं, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ मैच में आठ विकेट लेने के बाद कगिसो रबाडा गेंदबाज़ों की रैंकिंग में छठे पायदान पर आ गए हैं। रैंकिंग की यह नवीनतम सूची भारत बनाम न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश के पहले टेस्ट मैचों और पाकिस्तान बनाम श्रीलंका के दूसरे टेस्ट मैच में खिलाडि़यों के प्रदर्शन को दर्शाता है।