सितम्बर 3, 2026 9:21 अपराह्न

printer

कीव ने रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्‍त करने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील का स्‍वागत किया

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भारत को वैश्विक शक्ति बताते हुए कहा कि उनका देश यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष को समाप्त करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का स्वागत करता है। रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से द्विपक्षीय परामर्श करने के लिए कीव पहुंचे सिबिहा ने सोशल मीडिया पर कहा कि यूक्रेन कूटनीतिक समाधान के लिए तैयार है।

जयशंकर की यूक्रेन यात्रा ऐसे समय हुई है जब भारत ने इस सप्ताह यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस के हमले में एक भारतीय की मौत को लेकर चिंता व्यक्त की है। श्री सिबिहा ने श्री जयशंकर का कीव में स्वागत करते हुए इसे यूक्रेन में किसी भारतीय विदेश मंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने काला सागर में नौवहन स्वतंत्रता बहाल करने और वैश्विक खाद्य सुरक्षा की आवश्यकता पर चर्चा की। भारत पिछले कुछ हफ्तों में काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों को लेकर चिंतित है।

श्री सिबिहा ने कहा कि दोनों पक्षों ने बुनियादी ढांचे और फार्मास्यूटिकल क्षेत्र से लेकर तकनीकी नवाचार और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सप्ताह की शुरुआत में किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक में कूटनीति और संवाद के माध्यम से संघर्ष को समाप्त करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त 2024 में कीव की यात्रा की थी। उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से कहा था कि यूक्रेन और रूस को युद्ध समाप्त करने के लिए बिना समय बर्बाद किए चर्चा करनी चाहिए। भारत लगातार रूस-यूक्रेन संघर्ष को संवाद और कूटनीति के माध्यम से समाप्त करने का आह्वान करता रहा है।