नॉर्वे में कश्मीरी प्रवासियों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में की जा रही ज्यादती के खिलाफ प्रदर्शन किया। नॉर्वे की संसद के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की बर्बरता और हिंसा का मुद्दा उठाया।
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ नारे लगाए और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के साथ एकजुटता दिखाते हुए इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के ऑपरेशन को खत्म करने की मांग की।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए जेएएसी ने लिखा सेना द्वारा कश्मीरियों के नरसंहार के खिलाफ नॉर्वे की संसद के बाहर जोरदार प्रदर्शन। विदेशों में रहने वाले कश्मीरी मांग करते हैं कि हत्यारी और आतंकवादी सेना को हटाकर जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के साथ 4 अक्टूबर, 2025 को हुए समझौते को तुरंत लागू किया जाए।
नॉर्वे में यह विरोध प्रदर्शन दुनिया भर में कश्मीरी समूहों द्वारा किए जा रहे बढ़ते प्रदर्शनों के बीच हो रहा है। वे पीओके में पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा की जा रही बर्बर कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय दखल की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीओके में पाकिस्तानी सेना की बर्बर कार्रवाई में सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हुए हैं। इलाके में कड़ी नाकेबंदी, कर्फ्यू और संचार सेवाएं बंद है।