जुलाई 17, 2026 11:24 पूर्वाह्न

printer

ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के बाहर कश्मीरी प्रवासियों का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन

ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के बाहर कश्मीरी प्रवासियों ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्‍होंने पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघनों का आरोप लगाया।

जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्‍व में बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर में दमन की ओर ध्यान देने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर क्षेत्र में मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने लोगों की हत्या, जबरन हिरासत, घरों पर छापेमारी और आम नागरिकों, महिलाओं तथा बच्चों के खिलाफ हिंसा की है।

प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान की यात्रा और पर्यटन के बहिष्कार की अपील भी की। साथ ही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस से यात्रा नहीं करने और मांगें पूरी होने तक पाकिस्तान को भेजे जाने वाले धन पर रोक लगाने का आह्वान किया।