उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने आज कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सफर संगठित स्वैच्छिक कार्यों की शक्ति और निस्वार्थ सेवा के चिरस्थायी मूल्यों का प्रमाण है। नई दिल्ली में श्याम जाजू और अनुपम त्रिवेदी की पुस्तक ‘आरएसएस@100: सेवा, एकता और बलिदान की एक शताब्दी’ का विमोचन करते हुए उन्होंने यह बात कही। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने निःस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण के माध्यम से एकता और राष्ट्रीय चेतना के आदर्शों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की एक शताब्दी की यात्रा दर्शाती है कि स्थायी राष्ट्रीय प्रगति केवल सरकारी संस्थानों के माध्यम से ही नहीं बल्कि नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन और स्वैच्छिक सेवा के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि संघ का सफर भारत की सांस्कृतिक जड़ों, विरासत और परंपराओं को पुनर्जीवित करने, मजबूत करने और पुनर्निर्माण करने का रहा है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आरएसएस ने हर प्रतिकूल परिस्थिति में राष्ट्रीय हितों, सेवा और लोकतंत्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री सिंह ने कहा कि संघ किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसके धर्म से नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति उसके समर्पण से करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि संघ ने हमेशा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना से काम किया है।