जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ वर्चुअल बैठक के दौरान स्वच्छ सेवा आकलन (एसएसए) का शुभारंभ किया। मंत्रालय ने कहा कि एसएसए ग्राम पंचायत स्तर का वार्षिक डिजिटल स्व-मूल्यांकन ढांचा है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सेवा वितरण के आकलन और निगरानी के लिए विकसित किया गया है। इसे स्वच्छ भारत मिशन – ग्रामीण के दूसरे चरण के अंतर्गत पेयजल और स्वच्छता विभाग ने विकसित किया है।
मंत्रालय ने कहा कि बहु-स्तरीय मूल्यांकन ढांचे में जमीनी स्तर पर स्वच्छता सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायतों, ग्राम सभाओं और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश स्तर के अधिकारियों की भागीदारी की परिकल्पना की गई है। मंत्रालय ने कहा कि इससे ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं को अपनी उपलब्धियों और प्रगति की समीक्षा करने तथा इसमें सुधार के लिए केंद्रित प्रयास करने के लिए और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। बैठक में जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना भी उपस्थित थे।