जुलाई 21, 2026 8:21 अपराह्न

printer

पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर में जेएएसी का बंद और चक्‍का जाम जारी

संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (जे.ए.ए.सी) ने आज कहा कि पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू और कश्मीर (पी.ओ.जे.के) में बंद और चक्‍का जाम जारी है। जेएएसी ने आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों के लिए न्‍याय और अपनी मांगे मनवाने के लिए 23 जुलाई को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जे.ए.ए.सी ने 23 जुलाई को अत्यंत महत्वपूर्ण दिन बताया।

जे.ए.ए.सी ने शासन को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे निर्दोष लोगों का हत्यारा बताया। पी.ओ.जे.के में पिछले सप्ताह अशांति के दौरान 30 से अधिक लोगों के मारे जाने के बाद जे.ए.ए.सी ने अपने पूर्वनियोजित मार्च को आज तक के लिए स्थगित कर दिया था।

इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार एजेंसी ने पी.ओ.जे.के में अशांति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदर्शनकारियों की मौत की जांच की मांग की थी।

भारत ने कहा था कि पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर में जारी विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान द्वारा दशकों से किए जा रहे व्यवस्थित शोषण, मौलिक अधिकारों से वंचित करने और अवैध तथा जबरन कब्जे वाले क्षेत्रों में प्रशासनिक दमन का प्रत्यक्ष परिणाम हैं।