सितम्बर 4, 2026 11:40 पूर्वाह्न

printer

इटली: जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड बनाया

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद देश में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड बनाया है। उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर, पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। विश्लेषकों का कहना है कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मेलोनी की छवि को मजबूत करेगी।

इटली में पिछले 80 वर्षों में करीब 70 सरकारें बन चुकी हैं और वर्ष 2027 में राष्ट्रीय चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री मेलोनी ने अक्टूबर 2022 में इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी पार्टी की नव-फासीवादी पृष्ठभूमि को लेकर उस समय यूरोपीय देशों और निवेश बाजारों में चिंता थी। हालांकि, प्रधानमंत्री मेलोनी ने व्यावहारिक तरीके से सरकार चलाई। उन्होंने यूरोपीय संस्थाओं के साथ मिलकर काम किया, वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया और रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन को लगातार समर्थन दिया।