ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर-आईआरजीसी ने आज सीरिया, कुवैत और ओमान में अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर जवाबी हमले किए। सरकारी समाचार एजेंसी ने आईआरजीसी के हवाले से कहा कि ये हमले ऑपरेशन नस्र-2 के तहत किए गए। समाचार एजेंसी ने दावा किया कि ईरानी सेना ने सीरिया के अल-तनफ क्षेत्र में स्थित अमरीकी विशेष अभियान कमान केंद्र पर अचानक हमला किया।
आईआरजीसी ने अलग से एक बयान में कहा कि हमलों के पहले चरण में कुवैत में अमरीकी सेना के अड्डे पर स्थित एक अमरीकी मिसाइल रक्षा निगरानी रडार, कई हथियार डिपो, दो हिमर्स रॉकेट लॉन्चर और कई मिसाइलों को निशाना बनाया गया। आईआरजीसी ने सलमाह पठार पर स्थित एक नौसैनिक निगरानी रडार और ओमान के घनम क्षेत्र में स्थित एक अमरीकी हवाई निगरानी रडार पर हमला कर उसे नष्ट करने का दावा किया।
इस बीच कुवैत की सेना ने कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोक रही हैं। लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।