होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी हवाई रक्षा प्रणाली पर अमरीकी हमले के कुछ घंटों बाद ईरान ने पश्चिमी एशिया में अमरीकी ठिकानों के खिलाफ व्यापक जवाबी सैन्य अभियान शुरू किया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने बहरीन में अमरीका के पांचवें बेड़े, कुवैत में अली अल सलेम हवाई अड्डे और जॉर्डन में अजराक हवाई अड्डे पर लंबी दूरी की मिसाइल से हमले की जिम्मेदारी ली है और इन अभियानों को अमेरिकी आक्रामकता का सीधा जवाब बताया है। जॉर्डन के सशस्त्र बलों ने पुष्टि की है कि उन्होंने अजराक क्षेत्र की ओर दागी गई सभी पांच ईरानी मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया है, जिसमें किसी के हताहत होने या किसी भी प्रकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। अमरीका के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक आकलन से संकेत मिलता है कि लगभग सभी ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक रोक दिया गया था, और कर्मियों के हताहत होने या सैन्य सुविधाओं को महत्वपूर्ण नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है।
यह तनाव अमरीकी केंद्रीय कमान की इस पुष्टि के बाद बढ़ा है कि मंगलवार रात को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी हवाई रक्षा प्रणालियों, जमीनी नियंत्रण स्टेशनों और निगरानी रडार स्थलों पर अमरीकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में उसकी सेनाओं ने हमला किया था। चालक दल के दोनों सदस्यों को जीवित बचा लिया गया था। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी है कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं किसी भी हमले या खतरे का जवाब दिए बिना नहीं रहेंगी, और कहा कि अगर अमेरिकी सेनाएं सुरक्षित रहना चाहती हैं तो उन्हें क्षेत्र छोड़ देना चाहिए।
इस बीच, ओमान के तट पर एक टैंकर पर संदिग्ध अमेरिकी मिसाइल हमले की खबर आई है। इस घटना ने भारतीय नागरिकों सहित जहाज के बहुराष्ट्रीय चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।