सितम्बर 7, 2026 7:49 पूर्वाह्न

printer

ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने कहा- होर्मुज़ जलडमरूमध्य के बाहर ‘प्रतिबंधित क्षेत्र’ घोषित किया जाएगा

ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि आने वाले दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर एक नया प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समन्वय के बिना इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज को ईरान की प्रतिबंध सूची में डाल दिया जाएगा।

सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल-एसएनएससी के सचिव मेजर जनरल मोहसिन रेजाई ने कहा कि यह प्रतिबंधित क्षेत्र अमरीकी नौसेना की नाकाबंदी वाली सीमा से शुरू होकर फारस की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक फैलेगा।

ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, जलडमरूमध्य की ओर किसी भी दिशा से आने वाले और इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जहाजों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

मेजर जनरल रेजाई ने कहा कि ईरान द्वारा जलमार्ग बंद किए जाने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही में भारी कमी आई है। अब केवल सात से आठ जहाज ही ईरान के लिए आवश्‍यक सामान लेकर यहां से गुजर रहे हैं, जबकि पहले एक सौ से अधिक जहाज इस मार्ग से गुजरते थे।

रेजाई ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे अमरीकी जहाजों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि तेल से लदे इन जहाजों को डुबोने से ईंधन के फैलाव और पर्यावरण को होने वाले नुकसान के खतरे को देखते हुए ईरान ने उन्हें डुबोने से परहेज किया है।