ईरान ने कहा है कि वह अमरीका द्वारा कथित तौर पर पेश किए गए नए प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अनुसार, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए तेहरान की हालिया यात्रा के दौरान ये प्रस्ताव पेश किए हैं। परिषद ने कहा कि ईरान ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन आगे की बातचीत के लिए अमरीका को अत्यधिक मांगों को छोड़ना होगा और अपनी मांगों को जमीनी हकीकत के अनुरूप ढालना होगा।
परिषद ने यह भी कहा कि जब-तक युद्ध पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित नहीं हो जाती, तब-तक ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले यातायात पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखेगा। परिषद ने आगे कहा कि ईरान जहाजों की आवाजाही पर नजर रखेगा, पारगमन प्रमाण पत्र जारी करेगा और टोल टैक्स वसूलेगा।
परिषद ने यह भी कहा कि वह अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी को युद्धविराम का उल्लंघन मानती है और नाकाबंदी हटने तक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी प्रगति कर रही है।
News On AIR | अप्रैल 18, 2026 10:23 अपराह्न | Iran
अमरीका द्वारा कथित तौर पर पेश किए गए नए प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है ईरान